दस दिन पहले ही आवासीय विद्यालय में कराया था दाखिला
परिजनों ने जताई लापरवाही और मारपीट से बचने के दौरान हादसे की आशंका
हुब्बल्ली. नवलगुंद कस्बे के बस्ती प्लॉट स्थित निजी विद्याज्योति प्राथमिक आवासीय विद्यालय में चौथी कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मृतक के पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है।
मृतक छात्र की पहचान शानवाड़ गांव निवासी आकाश वसंत नीलण्णवर (10) के तौर पर की गई है। वह विद्याज्योति आवासीय विद्यालय में चौथी कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह वह स्कूल परिसर में ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से उसे पहले स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हुब्बल्ली के केएमसीआरआई अस्पताल रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
दस दिन पहले ही कराया था प्रवेश
परिजनों के अनुसार, आकाश को पढ़ाई में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मात्र दस दिन पहले ही आवासीय विद्यालय में दाखिला दिलाया गया था। केएमसीआरआई अस्पताल के बाहर बेटे को खो चुके माता-पिता का विलाप देख उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। मामले की जानकारी मिलने पर पीएसआई जनार्दन भटरल्ली ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
संदेह के घेरे में मौत
मृतक के पिता वसंत नीलण्णवर ने विद्यालय प्रशासन के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें बताया गया कि उनका बेटा परिसर की दीवार से गिरा था, लेकिन केवल कंपाउंड से गिरने से किसी की मौत होना संदेह पैदा करता है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा।
मां का दर्द
“हमने बेटे को अच्छा और होनहार बनाने के लिए दस दिन पहले ही स्कूल में भर्ती कराया था। आज वह हमारे बीच नहीं रहा। स्कूल के अन्य बच्चों से पूछताछ की जाए, तभी सच्चाई सामने आएगी।”
–दीपा नीलण्णवर, मृतक छात्र की मां
निष्पक्ष जांच की मांग
“यह स्पष्ट किया जाए कि बच्चा कंपाउंड से गिरा था या स्कूल भवन की ऊंचाई से। आशंका है कि स्कूल कर्मियों की मारपीट से बचने के प्रयास में यह हादसा हुआ हो। सीसीटीवी फुटेज और अन्य विद्यार्थियों के बयान के आधार पर पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाए।”
–वसंत नीलण्णवर, मृतक छात्र के पिता
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/

