फूल सूंघाकर सम्मोहित करने का आरोप
नकदी और सोने की अंगूठी लेकर फरार
वारदात सीसीटीवी में कैद
रायचूर. सिंधनूर शहर में साधु-संतों के वेश में घूम रहे ठगों द्वारा लोगों को सम्मोहित कर लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, शहर की मुख्य सडक़ स्थित साई मेडिकल्स में एक कथित साधु पहुंचा और भीषण गर्मी का हवाला देकर पानी मांगा। मेडिकल स्टोर मालिक विष्णुदत्तु ने मानवता और श्रद्धा के भाव से उसे ठंडा पानी पिलाया।
पानी पीने के बाद आरोपी ने आशीर्वाद देने का नाटक करते हुए दो फूल विष्णुदत्तु को दिए और कहा कि उनके परिवार पर कृपा बनी रहेगी। आरोप है कि फूलों की गंध सूंघते ही कुछ ही क्षणों में मेडिकल स्टोर मालिक अजीब मानसिक स्थिति में पहुंच गए और मानो सम्मोहित हो गए।
उन्होंने बताया कि उसी हालत में उन्होंने स्वयं अपनी जेब से 10 हजार रुपए नकद और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी निकालकर आरोपी को दे दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब विष्णुदत्तु सामान्य स्थिति में लौटे, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसके बाद मामले की शिकायत सिंधनूर टाउन पुलिस थाना में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मेडिकल स्टोर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में साधुओं के वेश में संदिग्ध लोगों का एक समूह शहर में घूमता दिखाई दिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों, विशेषकर चमत्कार या आशीर्वाद के नाम पर संपर्क करने वालों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

