बेंगलूरु स्टेशन पुनर्निर्माण व यात्रियों की सुविधाओं पर दिया जोर
बेंगलूरु. दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) के महाप्रबंधक मुकुल सरन माथुर ने सोमवार को बेंगलूरु मंडल कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में दुहरीकरण, विद्युतीकरण और बेंगलूरु उपनगरीय रेल परियोजना सहित चल रहे अधोसंरचना कार्यों पर चर्चा हुई।
महाप्रबंधक ने केएसआर बेंगलूरु रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण प्रस्ताव की समीक्षा की और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। इसमें भीड़ कम करने, प्लेटफॉर्म पर आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने तथा ट्रेन संचालन को सुचारु बनाने जैसे उपायों पर विचार किया गया। उन्होंने यशवंतपुर, एसएमवीटी बेंगलूरु और बेंगलूरु कैंटोनमेंट स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं को उन्नत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में बेंगलूरु मंडल रेल प्रबंधक अशुतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक परीक्षित मोहनपुरिया एवं प्रवीण कातरकी, के-राइड के निदेशक आर.के. सिंह, आरएलडीए के मुख्य परियोजना प्रबंधक पर्वेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
