वन्यजीवों की सुरक्षा में लापरवाही उजागर; हाथी की मौत के मामले में पिता-पुत्र हिरासत में
सिरसी/कारवार। उत्तर कन्नड़ जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही के दो मामले सामने आए हैं। सिरसी तालुक के मळलगांव में खेत की फसल बचाने के लिए लगाई गई बाड़ में अवैध रूप से बिजली प्रवाहित करने से एक नर हाथी की मौत हो गई। वहीं, कारवार तालुक के बैतखोल क्षेत्र के अलीगद्दा में खुले कुएं में गिरने से दो नर काले हिरणों की जान चली गई।
मळलगांव में किसान ने जंगली हाथियों से फसल बचाने के लिए खेत के चारों ओर तारबाड़ लगाकर उसमें सीधे बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। इसकी चपेट में आने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। वन विभाग ने इस मामले में किसान शिवप्पा नायक (75) और उसके बेटे नागराज नायक (43) को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने बिजली के खंभे से सीधे खेत की बाड़ में करंट जोडऩे की बात स्वीकार की है। उप वन संरक्षण अधिकारी संदीप सूर्यवंशी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों के खिलाफ वन संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुंडगोड और सिरसी के सीमावर्ती क्षेत्र में पिछले एक महीने से हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। हाथी आसपास के खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन विभाग उन्हें जंगल की ओर खदेडऩे का प्रयास कर रहा है, लेकिन वे दोबारा गांवों की ओर लौट रहे हैं।

उधर, अलीगद्दा में सोमवार सुबह दो नर काले हिरणों के शव खुले कुएं में मिले। आशंका है कि भोजन की तलाश में आए हिरण फिसलकर कुएं में गिर गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस कुएं में पहले भी मवेशियों और जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है। एक महिला की भी इसमें गिरने से जान गई थी। इसके बावजूद कुएं के चारों ओर सुरक्षा दीवार या तारबाड़ नहीं लगाई गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

