निवेशकों ने प्रशासन से लगाई गुहार
निप्पाणी में पिनोमिक कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप
महीनों से नहीं मिला मूलधन और ब्याज
बेलगावी. शिवम एसोसिएट्स से जुड़े कथित हजारों करोड़ रुपए के निवेश घोटाले के बाद अब बेलगावी जिले में एक और वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। निप्पाणी क्षेत्र में महाराष्ट्र आधारित पिनोमिक कंपनी पर निवेशकों से लाखों रुपए जमा करवाकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है।
पीडि़त निवेशकों के अनुसार कंपनी ने आकर्षक ब्याज दर का लालच देकर लोगों से बड़ी रकम निवेश करवाई थी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने एक लाख रुपए के निवेश पर प्रति माह 1,420 रुपए ब्याज देने का वादा किया था। इस आश्वासन पर भरोसा कर अनेक महिलाओं सहित कई लोगों ने 10 से 12 लाख रुपए तक की राशि निवेश की।
निवेशकों का कहना है कि शुरुआती कुछ महीनों तक कंपनी की ओर से नियमित रूप से ब्याज की राशि उनके खातों में जमा कराई गई, जिससे लोगों का विश्वास और बढ़ गया। लेकिन पिछले छह से सात महीनों से न तो ब्याज का भुगतान किया जा रहा है और न ही निवेश की गई मूल राशि वापस की गई है।
ठगी का शिकार हुए लोगों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि कंपनी के संचालक अब संपर्क से बाहर हैं और निवेशकों की रकम लौटाने को तैयार नहीं हैं।
पीडि़तों ने प्रशासन से मांग की है कि महाराष्ट्र के सांगली में रहने वाले कंपनी के मालिक को तत्काल गिरफ्तार करना चाहिए तथा निवेशकों की जमा पूंजी वापस दिलाने के लिए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र के अन्य निवेशकों में भी चिंता और असंतोष का माहौल है।
प्रशासन ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
