‘गारंटी योजनाओं ने राज्य को आर्थिक संकट में धकेला’
कांग्रेस सरकार पर भाजपा का हमला
मेंगलूरु. सांसद एवं भाजपा नेता कैप्टन बृजेश चौटा ने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर राज्य की आर्थिक स्थिति बिगाडऩे का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की गारंटी योजनाओं के कारण कर्नाटक आर्थिक अस्थिरता की ओर बढ़ रहा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दक्षिण कन्नड़ जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चौटा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के कार्यकाल में कर्नाटक आर्थिक अनुशासन के लिए जाना जाता था, लेकिन अब राज्य गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट भी इस स्थिति की पुष्टि करती है।
बृजेश चौटा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार उपलब्धियों के सम्मेलन आयोजित कर रही है, जबकि उसे जनता के सामने राज्य की आर्थिक स्थिति पर जवाब देना चाहिए। केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में भी राज्य सरकार लापरवाही बरत रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 6.38 लाख घरों में से करीब 2.5 लाख घर अब तक अधूरे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षीरधारा योजना के तहत पिछले नौ महीनों से करीब 800 करोड़ रुपए की सब्सिडी राशि दुग्ध उत्पादकों को जारी नहीं की गई है। साथ ही 15,000 करोड़ रुपए के कॉर्पस फंड को अन्य उद्देश्यों में उपयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार इसके बारे में स्पष्ट जवाब देने में विफल रही है।
दक्षिण कन्नड़ जिले की स्थिति का उल्लेख करते हुए चौटा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) निधि पर निर्भर हो गया है। नई भर्तियां नहीं हो रही हैं और कर्मचारियों को वेतन भुगतान में भी कठिनाइयां आ रही हैं।
अल्पसंख्यक कॉलोनी निधि वितरण को लेकर उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह डॉ. बी.आर. आंबेडकर के सिद्धांतों के विपरीत है। भाजपा इन मुद्दों को लेकर राज्यभर में जनजागरण अभियान चलाएगी।
मंत्री प्रियांक खरगे पर भी टिप्पणी करते हुए चौटा ने कहा कि हर मुद्दे पर ट्वीट कर राजनीति नहीं की जाती। नेताओं का मूल्यांकन उनके क्षेत्रों के विकास से होना चाहिए।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण यह स्थिति बनी है और इसे संतुलित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

