रेल राज्यमंत्री वी. सोमन्ना ने दी जानकारी
शिवमोग्गा-श्रृंगेरी-मेंगलूरु नई रेल लाइन सर्वे को मंजूरी, जल्द टेंडर प्रक्रिया
मेंगलूरु. मेंगलूरु और बेंगलूरु के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा अगले एक महीने में शुरू होने जा रही है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने शनिवार को मेंगलूरु जंक्शन रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इस रेल मार्ग का विद्युतीकरण कार्य पूरा हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने कई नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें मेंगलूरु-बेंगलूरु वंदे भारत ट्रेन भी शामिल होगी।
मंत्री ने कहा कि शिवमोग्गा-श्रृंगेरी-मेंगलूरु के बीच प्रस्तावित 332 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन की अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 3,300 करोड़ रुपए की परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस परियोजना के तहत शिवमोग्गा, भद्रावती, तीर्थहल्ली, श्रृंगेरी, कार्कला और मेंगलूरु सहित सात प्रमुख स्टेशनों के निर्माण की संभावना है।
उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में 52 हजार करोड़ रुपए से अधिक की रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं। इसके अलावा, विशेष ट्रेनों के रूप में संचालित 32 ट्रेनों को स्थायी रूप से नियमित सेवा में शामिल किया गया है।
हासन-मेंगलूरु रेल लाइन होगी डबल
रेल राज्य मंत्री ने कहा कि हासन-मेंगलूरु के बीच 247 किलोमीटर रेल मार्ग के दोहरीकरण का कार्य लगभग 8,300 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। वहीं शोरनूर-मेंगलूरु रेलखंड पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की योजना पर भी काम चल रहा है। इस मार्ग पर भविष्य में 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें चलाने के लिए व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
मेंगलूरु जंक्शन स्टेशन के विकास पर 38 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जबकि मेंगलूरु सेंट्रल स्टेशन के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। साथ ही 40 करोड़ रुपए की लागत से नया रेलवे यार्ड और अतिरिक्त गुड्स लाइन भी बनाई जाएगी।
पांडेश्वर क्रॉसिंग और नई रेलवे स्टेशन परियोजना पर भी चर्चा
सांसद बृजेश चौटा ने पांडेश्वर रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात समस्या और एयरपोर्ट के पास नए रेलवे स्टेशन की आवश्यकता का मुद्दा मंत्री के समक्ष उठाया। मंत्री ने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण सहित मास्टर प्लान तैयार करने और आवश्यक धनराशि केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा, मुंबई-मेंगलूरु मत्स्यगंधा एक्सप्रेस को जंक्शन स्टेशन पर ठहराव देने और मेंगलूरु-सुब्रह्मण्य पैसेंजर ट्रेन को मेमू सेवा में बदलने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

