कर्नाटक में रोजगार बचाने को नई योजनाएं
सरकार ने बनाई रणनीति
रिस्किलिंग-अपस्किलिंग पर जोर
‘रेस्पॉन्सिबल एआई कमिटी’ गठित
हुब्बल्ली. कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के तेजी से बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने रोजगार पर संभावित असर को कम करने के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।
आईटी और बायोटेक्नोलॉजी विभाग ने ‘एआई रेडीनेस एंड इम्पैक्ट’ पर अध्ययन करते हुए नई नीतियां और योजनाएं तैयार की हैं, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते रहें।
एआई के प्रभाव का गहन अध्ययन
सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में एआई के असर, रोजगार के बदलते स्वरूप और कौशल की जरूरतों को समझने के लिए अध्ययन किया है। आईटी विजन ग्रुप के विशेषज्ञों और उद्योग जगत के सीईओ के साथ लगातार संवाद कर संभावित अवसरों और जोखिमों का विश्लेषण किया जा रहा है।
‘रेस्पॉन्सिबल एआई कमिटी’ का गठन
एआई के उपयोग को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए उच्च स्तरीय ‘रेस्पॉन्सिबल एआई कमिटी’ बनाई गई है। यह समिति एआई के इस्तेमाल से जुड़े दिशा-निर्देश तैयार कर रही है। साथ ही, क्षमता निर्माण के लिए एक उपसमिति भी बनाई गई है, जो बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर रही है।
रोजगार बचाने के लिए तीन प्रमुख योजनाएं
सरकार ने एआई के कारण संभावित नौकरी नुकसान को रोकने के लिए तीन अहम योजनाएं शुरू की हैं।
निपुण कर्नाटक
इस योजना का उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना है। इसके तहत मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है।
एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
आईआईटी एलुमनी सेंटर, बेंगलूरु के सहयोग से स्थापित यह केंद्र रिस्किलिंग और सर्टिफिकेशन कार्यक्रम उपलब्ध कराएगा। यहां छात्रों और पेशेवरों को तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान के साथ स्टार्टअप्स के लिए मार्गदर्शन भी मिलेगा।
क्वांटम एआई एवं कंप्यूटिंग केंद्र
आईआईआईटी धारवाड़ रिसर्च पार्क फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित यह केंद्र उभरती तकनीकों में कौशल विकास पर ध्यान देगा। यहां क्वांटम-एआई स्कूल और कार्यशालाएं आयोजित कर मजबूत प्रतिभा तैयार की जाएगी।
सरकार का फोकस: कौशल और अवसर
सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि एआई के कारण रोजगार में आने वाले बदलावों को अवसर में बदला जाए। इसके लिए युवाओं को नई तकनीकों के अनुरूप तैयार कर रोजगार के नए रास्ते खोले जा रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

