चालक का नियंत्रण खोने से हावेरी के बाहरी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हुआ हादसा
हावेरी। चालक का नियंत्रण खोने से गोवा से बेंगलूरु जा रही एक निजी बस सडक़ किनारे पलट गई। हादसे में 18 वर्षीय यात्री बावरसिंह राजपूत की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना हावेरी शहर के बाहरी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हुई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर बचाई यात्रियों की जान
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार में जा रही बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सडक़ किनारे जाकर पलट गई। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बाद में सभी घायलों को उपचार के लिए हावेरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही हावेरी यातायात थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटनाग्रस्त बस के सडक़ किनारे पलट जाने से यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन दल के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। बाद में पलटी हुई बस को सडक़ से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

