आर्थिक संकट के बीच प्रधानमंत्री ‘इटली में मिठाइयां बांटने में व्यस्त’: राहुल गांधी
नई दिल्ली. इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करने का मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि देश आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, जबकि प्रधानमंत्री विदेश यात्रा के दौरान “रील बनाने” और “मिठाइयां बांटने” में व्यस्त हैं। उन्होंने लिखा, “देश पर आर्थिक तूफान मंडरा रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री इटली में मिठाइयां बांट रहे हैं। किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, जबकि प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए रील शूट कर रहे हैं। भाजपा ताली बजा रही है। यह नेतृत्व नहीं, बल्कि तमाशा है।”
यह बयान उस वायरल वीडियो के बाद आया जिसमें प्रधानमंत्री मोदी रोम में जॉर्जिया मेलोनी को भारतीय ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट भेंट करते दिखाई दिए थे। मेलोनी ने भी वीडियो साझा करते हुए उपहार के लिए धन्यवाद कहा था।
उत्तर प्रदेश के अमेठी में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश छोडऩे से पहले लोगों को आर्थिक कठिनाइयों के लिए तैयार रहने की सलाह दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर आम जनता को खर्च कम करने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री महंगे विमान से विदेश यात्रा कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री टॉफियां लेकर इटली पहुंचे और वहां ‘मेलोडी’ भेंट की, जबकि देश के लोग महंगाई और आर्थिक दबाव से जूझ रहे हैं। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

