11,625 अतिरिक्त वोटों से बढ़ी सियासी हलचल
ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त भागीदारी
अब किस दल को मिलेगा फायदा
राजनीतिक गणित तेज
दावणगेरे. दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज हुआ है, जिससे राजनीतिक दलों में जीत-हार को लेकर नई गणनाएं शुरू हो गई हैं। पिछले 2023 के चुनाव की तुलना में इस बार 11,625 अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
इस उपचुनाव में कुल 2,31,072 मतदाता थे, जिनमें से 1,58,131 लोगों ने मतदान किया। वहीं, 2023 में 2,10,708 मतदाताओं में से 1,48,406 ने वोट डाले थे। तीन वर्षों में मतदाताओं की संख्या में करीब 21 हजार की वृद्धि भी दर्ज की गई है।
किसे मिलेगा फायदा?
अतिरिक्त मतदान ने राजनीतिक दलों की चिंता और उत्सुकता दोनों बढ़ा दी है। 2023 में कांग्रेस के शामनूर शिवशंकरप्पा को 84,298 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के अजय कुमार को 56,410 वोट प्राप्त हुए थे। अब बढ़े हुए वोट किसके पक्ष में जाएंगे, इस पर सियासी विश्लेषण तेज हो गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों ने मारी बाजी
कुल 68.43 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों ने शहरी इलाकों को पीछे छोड़ दिया। बिसलेरी गांव में सबसे अधिक 94.35 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। चंद्रेनहल्ली (93.90 प्रतिशत), बुल्लापुर (93.12 प्रतिशत) और नायकनहल्ली (91.24 प्रतिशत) जैसे गांवों में भी भारी मतदान हुआ।
284 मतदान केंद्रों में से 18 केंद्रों पर 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जबकि 90 प्रतिशत से ज्यादा मतदान वाले अधिकांश केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में ही रहे। इससे स्पष्ट है कि इस बार ग्रामीण मतदाताओं ने चुनावी भागीदारी में बढ़त बनाई।
शहरों में कम उत्साह
इसके विपरीत, शहरी क्षेत्रों में मतदान कम रहा। देवराज अरसु क्षेत्र के स्विमिंग पूल बूथ पर सबसे कम 43.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई शहरी बूथों पर 50 प्रतिशत से भी कम मतदान हुआ, जो चिंता का विषय माना जा रहा है।
प्रशासन का प्रयास
जिला निर्वाचन अधिकारी गित्थे माधव विठ्ठलराव ने बताया कि स्वीप समिति की ओर से मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाया गया, जिसका सकारात्मक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बढ़े हुए मतदान से किस दल को राजनीतिक लाभ मिलता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
