सरकारी छात्रावासों के ज्यादातर बोरवेल सूखे
500 रुपए का टैंकर भी चंद घंटों में खाली
छात्राओं को स्नान के लिए भी पानी नसीब नहीं
कलबुर्गी। गर्मी अभी दूर है, लेकिन कलबुर्गी के सरकारी छात्रावासों में पानी का संकट दस्तक दे चुका है। मानसून की बेरुखी से भूजल स्तर नीचे जाने के कारण ज्यादातर छात्रावासों के बोरवेल सूख गए हैं। नतीजा यह कि छात्राएं पीने के पानी से लेकर स्नान और रोजमर्रा की जरूरतों तक के लिए जूझ रही हैं। हालात ऐसे हैं कि निजी टैंकर से मंगाया गया पानी भी छात्राओं की संख्या के आगे कुछ ही घंटों में खत्म हो जाता है।
जिले में समाज कल्याण विभाग के 112, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के 138 और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के 57 छात्रावास संचालित हैं। इनमें से अधिकांश छात्रावासों में बोरवेल जवाब दे चुके हैं। पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से छात्रावास प्रबंधन अब टैंकरों के भरोसे है।
500 रुपए का टैंकर, फिर भी पानी नहीं
एक टैंकर के लिए करीब 500 रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन बड़ी संख्या में छात्राओं के रहने के कारण टैंकर का पानी कुछ घंटों में ही खत्म हो जाता है। इसके बाद छात्राओं को अगली खेप का इंतजार करना पड़ता है। पानी की किल्लत का सबसे ज्यादा असर स्नान और दैनिक जरूरतों पर पड़ रहा है।
एलएंडटी को निर्देश, जलापूर्ति फिर भी अपर्याप्त
जिला प्रशासन ने शहर में जलापूर्ति करने वाली एलएंडटी कंपनी को सरकारी छात्रावासों में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद पर्याप्त और नियमित पानी नहीं पहुंचने की शिकायत सामने आ रही है। इससे सवाल उठ रहा है कि जब गर्मी शुरू होने से पहले ही छात्रावासों में यह स्थिति है, तो आने वाले महीनों में हालात कितने गंभीर होंगे।
307 छात्रावास, स्थायी समाधान का इंतजार
समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कुल 307 छात्रावासों में पानी की व्यवस्था को लेकर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। छात्राओं और छात्रावास प्रबंधन की मांग है कि टैंकरों पर निर्भर रहने के बजाय प्रत्येक छात्रावास के लिए नियमित जलापूर्ति की स्थायी व्यवस्था की जाए। पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए छात्राओं को रोज संघर्ष करना पड़ रहा है, जो व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
