हुब्बल्ली में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं धारवाड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रल्हाद जोशी।

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने किया दावा
हुब्बल्ली. केंद्रीय मंत्री एवं धारवाड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रल्हाद जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से कानूनी तौर पर निपटने की योजना बना रहे हैं। यह प्रयास असफल रहा परन्तु प्रयास लगातार जारी है।
हुब्बल्ली में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जोशी ने कहा कि खुद कांग्रेस के विधायक और मंत्री खुलेआम इस बात से नाराज हैं कि कांग्रेस में कुछ भी ठीक नहीं है। डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री पद देकर दर किनार करने की कोशिश पहले दिन से ही चल रही है। इसके चलते दोनों के बीच की तकरार किसी से छुपी नहीं है। अगर इन सभी घटनाक्रमों को बारीकी से देखा जाए तो लोकसभा चुनाव के बाद गारंटीशुदा सरकार के अस्तित्व की कोई गारंटी नहीं है।
उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय नेताओं ने मंड्या सांसद सुमलता से बात की है। इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। दो दिन में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। हासन के प्रीतम गौड़ा ने नाराजगी के चलते गठबंधन को लेकर आपत्ति जताई है। राष्ट्रीय नेता उनसे बात करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के बीच गठबंधन की बातचीत चल रही है इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता। उस बारे में नेता ही बात करेंगे। मैं प्रीतम गौड़ा से तब तक कोई खुला बयान नहीं देने का अनुरोध करता हूं। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा और प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र से मुलाकात कर अपनी भावनाएं व्यक्त करने की सलाह दूंगा।
बेलगावी सीट से जगदीश शेट्टर के टिकट के बारे में जोशी ने कहा कि शेट्टर का नाम सबसे आगे है। अगले दो दिनों सबका समाधान होगा। राष्ट्रीय नेता पक्ष-विपक्ष पर चर्चा कर समस्या का समाधान करेंगे।

उम्मीदवार की घोषणा ही कांग्रेस की उपलब्धि

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि वे चार लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने भले ही उम्मीदवार की घोषणा की होगी परन्तु लोग भाजपा के समर्थन में हैं। उम्मीदवार की घोषणा करना ही कांग्रेस की उपलब्धि है। प्रदेश में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। हमारी तैयारी बहुत आगे बढ़ चुकी है।
उन्होंने कहा कि डीएमके ने कहा है कि वे मेकेदाटु योजना हटा देंगे। इंडिया गठबंधन की प्रमुख पार्टी डीएमके के बयान पर कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। कांग्रेस ने दिल्ली आकर विरोध प्रदर्शन किया था। कोविड के दौरान कहा था कि हमारा पानी हमारा अधिकार है। पदयात्रा की। अब आपका क्या रुख है?
जोशी ने कहा कि उन्होंने पहले महदायी योजना में भी ऐसा ही किया था। क्या आप डीएमके को इंडिया गंठबंधन से अलग कर देंगे? कांग्रेस अवसरवादी राजनीति कर रही है। भूमि संस्कृति के प्रति कोई सम्मान नहीं है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने खूब नारेबाजी कर प्रदर्शन किया था। अब आपका उत्तर चाहिए। राहुल गांधी और कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। पदयात्रा दिखावा है, वे राजनीति के लिए ऐसा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमने कांग्रेस का अकाउंट सीज नहीं किया है। टैक्स नहीं चुकाने के कारण खाता सीज कर दिया गया है। हम कांग्रेस को कमजोर क्यों करें, यह तो लोगों ने ही किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 9 बार समन भेजा गया, परन्तु वे पेश नहीं हुए इस लिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। वे बहुत अहंकारी है। उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया। इसके चलते गिरफ्तारी हुई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के जरिए सत्ता में आने वाले ही भ्रष्टाचार में फंस गए हैं।
जोशी ने कहा कि धारवाड़ लोकसभा से दिंगालेश्वर स्वामी के चुनाव लडऩे के बारे में मुझे जानकारी नहीं है। मैं इसका उत्तर नहीं दूंगा। दिंगलेश्वर स्वामी चुनाव लडऩे के बारे में आधिकारिक तौर पर आते हैं तो देखा जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *