42,345 घरों के आवंटन कार्यक्रम पर भाजपा का हमला
हुब्बल्ली. कर्नाटक स्लम डेवलपमेंट बोर्ड (स्लम विकास मंडल) की ओर से 42,345 घरों के आवंटन कार्यक्रम को लेकर भाजपा विधायक महेश टेंगिनकाई ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मकान आवंटन की आड़ में सरकार शराब बिक्री को परोक्ष रूप से बढ़ावा दे रही है।
आबकारी विभाग पर निशाना
शहर में शनिवार को पत्रकारों से बाचतीच में टेंगिनकाई ने दावा किया कि कार्यक्रम में करीब ढाई लाख लोगों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए आबकारी विभाग के हुब्बल्ली रेंज-1 व्हाट्सएप ग्रुप में एक अधिकारी ने शराब विक्रेताओं को अतिरिक्त भंडारण रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने इस संबंध में दस्तावेज भी मीडिया के सामने पेश किए।
‘लिकर गारंटी योजना’ का तंज
विधायक ने व्यंग्य करते हुए कहा कि सरकार की गारंटी योजनाओं की सूची में अब ‘लिकर गारंटी योजना’ भी जुड़ गई है। मुख्यमंत्री स्पष्ट करें कि सरकार के लिए मकान बांटना ज्यादा महत्वपूर्ण है या शराब बेचना?
सरकार की प्राथमिकता पर सवाल
टेंगिनकाई ने कहा कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या, उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री शामिल होने वाले हैं। ऐसे में शराब दुकानों को पर्याप्त मात्रा में शराब रखने का संदेश सरकार की प्राथमिकता पर सवाल खड़ा करता है।
राजनीतिक उद्देश्य का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी की स्थानीय अनुपस्थिति का फायदा उठाकर यह कार्यक्रम जल्दबाजी में आयोजित किया जा रहा है। पहले भी यह कार्यक्रम दो-तीन बार स्थगित किया गया था, इस बार भी टाला जा सकता था, लेकिन जानबूझकर केंद्रीय मंत्री की गैरमौजूदगी में कराया जा रहा है।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा नेता रामन्ना गौडर, रवि नाइक, प्रवीन पवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

