विशेष मेडिकल टीम गठित; हादसा या आत्महत्या, जांच के बाद होगा खुलासा
चिक्कमगलूरु. चंद्रद्रोण पर्वत श्रृंखला के तलहटी में मिली केरल की एक बालिका के शव का जिला अस्पताल में दो विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा अत्यंत सावधानी से पोस्टमार्टम किया गया। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के विशेष अनुरोध पर मेडिकल बोर्ड ने यह निर्णय लिया था।
दो विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम गठित
आम तौर पर पोस्टमार्टम एक ही डॉक्टर द्वारा किया जाता है, लेकिन इस मामले में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. लोहित और डॉ. जयलक्ष्मी की विशेष टीम बनाई गई। दोनों चिकित्सकों ने शव का विस्तृत परीक्षण कर प्रक्रिया पूरी की।
परिजनों को सौंपा गया शव
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद शव को जिला अस्पताल के शवगृह से परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिवारजन एंबुलेंस के माध्यम से अंतिम संस्कार के लिए शव को केरल ले गए।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कारण
जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार दयाम ने बताया कि बालिका की मौत के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। यह घटना फिसलकर गिरने से हुई या आत्महत्या का मामला है, इसका निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

