कुरुगोडु में लोग खाली सिलेंडर लेकर कतार में खड़े
होटल संचालकों को व्यावसायिक गैस नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
कुरुगोडु (बल्लारी). रसोई गैस सिलेंडर की संभावित कमी की आशंका से सोमवार को कुरुगोडु कस्बे में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोग खाली सिलेंडर लेकर यहां स्थित अप्पाजी भारत गैस ग्रामीण वितरक के कार्यालय के सामने लंबी कतार में खड़े होकर सिलेंडर खरीदते नजर आए।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लेने पहुंचने से स्थिति को नियंत्रित करना वितरक के लिए मुश्किल हो गया। गैस खत्म होने की आशंका के कारण लोगों में जल्द से जल्द सिलेंडर खरीदने की होड़ मच गई।
वहीं व्यावसायिक उपयोग के लिए मिलने वाले गैस सिलेंडरों को फिलहाल स्कूलों में मध्याह्न भोजन और आंगनवाड़ी केंद्रों को आपूर्ति के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। इसके कारण होटल और अन्य निजी उपयोगकर्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
गैस की कमी के कारण कुछ होटल संचालकों को मजबूरी में लकड़ी का उपयोग कर भोजन तैयार करना पड़ रहा है। सडक़ किनारे ठेला लगाकर होटल चलाने वाले छोटे व्यवसायियों के लिए स्थिति और भी कठिन हो गई है, क्योंकि उन्हें व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
इस बीच भारत गैस ग्रामीण वितरक अनिल ने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी की आशंका से लोग घबराकर बड़ी संख्या में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
प्रशासन और गैस वितरकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही सिलेंडर की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
सिलेंडर की कमी हो सकती है, इस डर से लोग खरीदने के लिए उमड़ पड़े हैं। हालांकि ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जाएगी।
–अनिल, वितरक, भारत गैस ग्रामीण

