रासायनिक कार्य के बाद बंद कमरे में सोने से बिगड़ी हालत

केएमसी-आरआई में आईसीयू में भर्ती

हुब्बल्ली. शहर के देशपांडे नगर स्थित एक निर्माणाधीन भवन में सोमवार रात दम घुटने की आशंका से चार मजदूर गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी को तत्काल केएमसी-आरआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया है।

बीमार मजदूरों की पहचान बेंगलूरु के माघडी क्षेत्र निवासी जार, अमजद पाशा, जबी और हैदर अली के तौर पर की गई है। ये सभी करीब 10 दिन पहले प्लाईवुड, एलईडी और पेंटिंग से जुड़े काम के लिए हुब्बल्ली आए थे। सोमवार को काम खत्म करने के बाद वे निर्माणाधीन भवन के एक कमरे में शटर बंद कर सो गए, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

पुलिस के अनुसार, कमरे में रासायनिक आधारित कार्य किया गया था और पूरी तरह बंद वातावरण में सोने के कारण ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के प्रभाव से मजदूर बेहोश हो गए। उनके साथ आया एक अन्य मजदूर अलग स्थान पर सोया था, जिसने सुबह घटना की जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना के पीछे रासायनिक प्रभाव होने की आशंका है, हालांकि सटीक कारण की जांच जारी है।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ईश्वर हसबी ने बताया कि मजदूरों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। प्रारंभिक जांच में कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता या अन्य जहरीली गैस के प्रभाव की आशंका जताई गई है।

इस संबंध में उपनगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *