समूह में रेल टिकट बुकिंग के नियम सरल, अब सीटों की संख्या पर अधिकतम सीमा नहींहुब्बल्ली रेलवे स्टेशन टिकट काउंटर

दक्षिण पश्चिम रेलवे का बड़ा फैसला; शादी, शैक्षणिक भ्रमण, धार्मिक यात्रा और खेल टीमों को मिलेगी राहत

हुब्बल्ली। दक्षिण पश्चिम रेलवे ने आरक्षित रेल टिकटों की सामूहिक (बल्क/ग्रुप) बुकिंग के नियमों को सरल बनाते हुए नई मार्गदर्शिका जारी की है। इसके तहत अब समूह में टिकट बुक कराने के लिए निर्धारित बर्थों की अधिकतम सीमा समाप्त कर दी गई है। इससे शादी समारोह, शैक्षणिक भ्रमण, धार्मिक यात्राओं, खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे ने इस संबंध में पहले जारी सभी दिशा-निर्देशों को निरस्त करते हुए वाणिज्यिक परिपत्र (कोचिंग) संख्या 37/2026 और रेट एडवाइस संख्या 11 (2026) के तहत संशोधित नियम लागू किए हैं।

नई व्यवस्था के अनुसार, अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) शुरू होने के एक घंटे बाद यानी सुबह 9 बजे से प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर समूह बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। यह सुविधा कन्फर्म, आरएसी और प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) सहित सभी श्रेणियों के टिकटों पर लागू होगी।

नए नियमों में सबसे बड़ी राहत यह है कि समूह आरक्षण के लिए बर्थों की अधिकतम संख्या निर्धारित करने वाली पुरानी पाबंदी हटा दी गई है। अब मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक (सीआरएस) अथवा स्टेशन प्रबंधक (एसएम) को समूह बुकिंग की अनुमति देने का अधिकार होगा।

आवेदन सीधे संबंधित आरक्षण अधिकारियों के पास जमा करना होगा। विदेशी पर्यटकों और अनिवासी भारतीयों (एनआरआई) की ओर से किए जाने वाले आरक्षण को छोड़कर अन्य मामलों में ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन में यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सभी यात्रियों के नाम, उम्र, लिंग, पता और यात्रा का उद्देश्य भी देना होगा।

वापसी यात्रा के लिए भी उसी आरक्षण कार्यालय में समूह बुकिंग की अनुमति ली जा सकेगी, लेकिन इसे अलग यात्रा माना जाएगा। अधिकारियों को स्वीकृत समूह बुकिंग का अलग रिकॉर्ड रखना होगा। आवेदन और यात्रियों की सूची के प्रत्येक पृष्ठ पर संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर लगाना अनिवार्य होगा।

रेलवे का उद्देश्य इस व्यवस्था के माध्यम से वास्तविक समूह यात्रियों को सुविधा देना और दलालों तथा अनधिकृत समूहों द्वारा सीटों के दुरुपयोग पर रोक लगाना है।

प्रमुख बदलाव एक नजर में

1. समूह बुकिंग में बर्थों की अधिकतम सीमा समाप्त।
2. सुबह 9 बजे से प्रमुख स्टेशनों पर आवेदन की सुविधा।
3. कन्फर्म, आरएसी और वेटिंग टिकटों पर लागू।
4. सीआरएस और स्टेशन प्रबंधक को मंजूरी का अधिकार।
5. ट्रैवल एजेंटों के जरिए आवेदन पर प्रतिबंध (निर्धारित अपवादों को छोड़कर)।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *