बेलगावी में भीषण अग्निकांड
बेलगावी. बेलगावी जिले में भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है, जहां कागवाड तालुक के जुगूल गांव में आग लगने से 12 से अधिक दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस हादसे में व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
पुलिस के अनुसार, गांव के प्याटी ओणी इलाके में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में खाद की दुकान, होटल, फोटो स्टूडियो, आइसक्रीम पार्लर और किसानों के सिंचाई संघ का कार्यालय सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक अधिकांश दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं और अंदर रखा सामान नष्ट हो गया था।
यह घटना कागवाड पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के सटीक कारणों और कुल नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीडि़त व्यापारियों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे अपने व्यवसाय को दोबारा शुरू कर सकें।

