तुंगभद्रा में नहाने गए थे, पिता ने एक बेटे को बचाया
हरपनहल्ली (बल्लारी). तुंगभद्रा नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों की तेज धारा में बहकर मौत हो गई, जबकि पिता ने साहस दिखाते हुए तीसरे बेटे को बचा लिया। यह हृदयविदारक घटना रविवार शाम हरपनहल्ली तालुक के हलुवागलु गांव के पास हुई।
मृतकों की पहचान एम.जी. मनु (19) और एम.जी. प्रज्वल (18) के तौर पर की गई है। दोनों भाई अपने पिता मंजप्पा के साथ नदी में तैरने गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और मनु व प्रज्वल धारा में बह गए।
घटना के समय मौजूद पिता मंजप्पा ने तुरंत प्रयास कर अपने छोटे बेटे चिरंजीवी को सुरक्षित किनारे पर खींच लिया, लेकिन अन्य दोनों बेटों को नहीं बचा सके।
पुलिस के अनुसार, मनु बी.ई. प्रथम वर्ष का छात्र था, जबकि प्रज्वल पीयू (प्री-यूनिवर्सिटी) का विद्यार्थी था। घटना के बाद गृह रक्षक दल के डी. चंद्रप्पा के नेतृत्व में वेंकटेश, नागराज और पहलवान रामचंद्रप्पा की टीम ने तलाशी अभियान चलाकर दोनों के शवों को बाहर निकाला।
इस संबंध में हलुवागलु पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

