महावीर जन्म कल्याणक पर निकाली ‘अहिंसा पदयात्रा’
जैन समाज का प्रेरक संदेश
हुब्बल्ली. स्वर्णा ग्रुप के प्रबंध निदेशक डॉ. वी.एस.वी. प्रसाद ने कहा कि देश में अनेक जाति और धर्म होने के बावजूद हर व्यक्ति को अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए। अहिंसा ही सन्मार्ग का जीवन है।
वे महावीर जन्म कल्याणक के अवसर पर शहर के कित्तूर रानी चन्नम्मा सर्किल में दिगंबर जैन महिला समाज की ओर से आयोजित ‘अहिंसा पदयात्रा’ को हरी झंडी दिखाने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हुब्बल्ली का दिगंबर जैन महिला समाज जन-जन तक अहिंसा का संदेश पहुंचाकर एक आदर्श प्रस्तुत कर रहा है और ऐसे संगठनों की संख्या बढऩी चाहिए।
प्रसाद ने कहा कि रानी अब्बक्का का जीवन आज भी प्रासंगिक है। हमें जीव-जंतुओं के प्रति दया भाव रखते हुए पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करनी चाहिए और अहिंसा धर्म का पालन करना चाहिए।
समाज के प्रमुख महेंद्र सिंघी ने कहा कि भगवान महावीर का संदेश सभी धर्मों के लिए आवश्यक है। प्रेम और अहिंसा से ही दुनिया को जीता जा सकता है। दिगंबर जैन महिला समाज की ओर से हर वर्ष समाजोपयोगी कार्य करना गर्व की बात है।
कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष त्रिशला मालगत्ती, सुभाषसिंह जमादार, भुजबली मालगत्ती, पंकज एम., उदय रोखड़े, खरीघर, ब्रह्मकुमार बीलिगी और उदय धडोती सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

