अंकोला में चाकू और रॉड से हमला
बिहार के चार लोग पकड़े गए
सुपारी एंगल की जांच तेज
कारवार/अंकोला. उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला क्षेत्र में कांग्रेस नेता एवं राज्य के गृहमंत्री डॉ. जी. परमेश्वर के करीबी गोपालकृष्ण नायक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। ये सभी बिहार मूल के बताए जा रहे हैं, जिससे मामले में सुपारी किलिंग का शक गहरा गया है।
पुलिस के अनुसार, कणकणेश्वर मंदिर के पास सुबह उस समय हमला हुआ, जब गोपालकृष्ण नायक अपनी कार से उतरकर मंदिर की ओर जा रहे थे। तभी गोवा नंबर की कार में सवार करीब छह हमलावरों ने उन पर अचानक चाकू और रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और पेट पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ।
अचानक हुए हमले के बीच नायक ने सूझबूझ दिखाते हुए पास के एक बैंक में शरण ली और अंदर से दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल नायक को पहले अंकोला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए होन्नावर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया है। इसी दौरान माजाली चेक पोस्ट के पास चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले तीन दिनों से अंकोला के एक होटल में ठहरे हुए थे और हमले की योजना बना रहे थे।
जिला पुलिस अधीक्षक दीपान ने मौके का निरीक्षण कर जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और हमले के पीछे के मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद अंकोला क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

