जी.बी. विनय कुमार ने दावणगेरे उपचुनाव के उम्मीदवारों से की अपील
निर्दलीय चुनाव लडऩे के अनुभव साझा कर दी चेतावनी
दावणगेरे. दावणगेरे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस टिकट न मिलने पर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ चुके राजनेता जी.बी. विनय कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए वर्तमान उपचुनाव में मैदान में उतरे उम्मीदवारों को महत्वपूर्ण सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी दबाव या प्रलोभन के चलते नामांकन वापस नहीं लेना चाहिए।
एक वीडियो संदेश में विनय कुमार ने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जब मैंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरा, तब मुझ पर भारी दबाव डाला गया। यह दबाव मुख्यमंत्री स्तर तक था, लेकिन मैंने पीछे हटना स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि परिणाम चाहे कुछ भी हो, चुनाव लडऩे का आत्मविश्वास और संघर्ष ही असली संतोष देता है।
उन्होंने मौजूदा उपचुनाव में विशेष रूप से मुस्लिम उम्मीदवारों से अपील करते हुए कहा कि आपको एक वोट मिले या हजार, इससे आपकी पहचान तय नहीं होती। इसलिए डर या भ्रम में आकर पीछे न हटें।
विनय कुमार ने बड़े नेताओं के वादों को लेकर भी चेताया। उन्होंने कहा कि निर्दलीय तौर पर चुनाव लडऩे पर आपको कई फोन और प्रस्ताव मिलेंगे। बड़े नेता आपको भविष्य में पद और अवसर देने का आश्वासन देंगे, लेकिन इन वादों पर भरोसा करना नुकसानदेह हो सकता है। चुनाव के बाद अक्सर यही लोग पहचान तक नहीं रखते।
उन्होंने कहा कि यदि उम्मीदवार नामांकन वापस लेते हैं, तो समाज में गलत संदेश जाता है। लोग कहते हैं कि आप किसी सौदे या लालच में पीछे हटे हैं, जिससे आपकी छवि प्रभावित होती है।
विनय कुमार ने उम्मीदवारों को हौसला देते हुए कहा कि पहली या दूसरी बार हार मिलने पर निराश नहीं होना चाहिए। लगातार प्रयास से एक दिन जीत जरूर मिलती है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

