मित्र की शादी में शामिल होने आए थे शिवमोग्गा
एक को बचाने के प्रयास में तीन अन्य भी डूबे, अग्निशमन दल ने निकाले शव
शिवमोग्गा। कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में तुंगा नदी में डूबने से बेंगलूरु के चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार (26 नवंबर) शाम को तीर्थहल्ली तालुक के महिषी के निकट हुई।
मृतकों की पहचान कार्तिक (31), नकुल (19), पवन (30) और चेतन (19) के तौर पर की गई है। अग्निशमन दल ने रात तक चारों के शव नदी से बाहर निकाले।
पुलिस के अनुसार, बेंगलूरु के कत्रिगुप्पे से एक समूह शादी समारोह में शामिल होने शिवमोग्गा आया था। इसके बाद उन्होंने घूमने जाने का फैसला किया और गूगल की मदद से महिषी गांव स्थित अश्वत्थनारायण मंदिर पहुंचे। शाम को मंदिर के पीछे तुंगा नदी के किनारे समय बिताते हुए उनमें से एक युवक नहाने के लिए नदी में उतरा। पानी के तेज बहाव में उसके डूबने पर बाकी तीनों उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चारों पानी में डूब गए।
सूचना मिलने पर अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। नदी में चारों युवकों की तलाश के लिए अभियान चलाया और रात तक सभी के शव बाहर निकाले।
घटना के संबंध में मालूरु पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

