वाहन चालकों को धूप से बचाने के लिए नगर निगम की पहल
6 प्रमुख चौराहों पर लगाए गए टेंट, लोगों ने किया स्वागत
विजयपुर. शहर में बढ़ती गर्मी और तेज धूप से राहत देने के लिए नगर निगम ने सराहनीय पहल की है। शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों पर वाहन चालकों को धूप से बचाने के लिए छाया टेंट लगाए गए हैं, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
गर्मी के मौसम में ट्रैफिक सिग्नल पर कुछ मिनट रुकना भी वाहन चालकों के लिए कठिन हो जाता है। तेज धूप के कारण लोग सिग्नल तोडऩे तक को मजबूर हो रहे थे, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इस समस्या को देखते हुए नगर निगम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर छाया टेंट की व्यवस्था की है।
वर्तमान में बस स्टैंड के पास ट्रैफिक सिग्नल पर 2 टेंट, बसवेश्वर सर्कल में 3, गांधी चौक सर्कल में 2, सोलापुर रोड स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास 2, कोर्ट सर्कल और वज्र हनुमान नगर सहित कुल 6 स्थानों पर टेंट लगाए गए हैं। हर वर्ष मार्च से जून तक गर्मी के मौसम में यह व्यवस्था की जाती है, लेकिन इस बार अधिक गर्मी के कारण लोगों की मांग पर इसे जल्दी लागू किया गया है।
नगर निगम पार्षद राहुल जाधव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी बहुत ज्यादा बढ़ गई थी, जिससे वाहन चालक ट्रैफिक सिग्नल का पालन नहीं कर पा रहे थे। पुलिस भी स्थिति को देखते हुए सख्ती नहीं बरत पा रही थी, जिसके कारण शहर में ट्रैफिक समस्या बढ़ रही थी। अब छाया टेंट लगाए जाने के बाद लोग नियमों का पालन करने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि करीब 12 लाख रुपए के टेंडर के माध्यम से इन टेंटों की व्यवस्था की गई है। बारिश का मौसम शुरू होते ही इन्हें हटा दिया जाएगा। शहर के और भी स्थानों पर टेंट लगाने की मांग आ रही है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।
स्थानीय निवासी लक्ष्मण हंद्राल ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विजयपुर में दिन-ब-दिन गर्मी बढ़ रही है। ऐसे में ट्रैफिक सिग्नल पर छाया टेंट लगाना बहुत जरूरी था। इससे लोगों को काफी राहत मिली है।
नगर निगम की इस पहल से न केवल वाहन चालकों को राहत मिली है, बल्कि ट्रैफिक नियमों के पालन में भी सुधार देखा जा रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि हर साल टेंडर प्रक्रिया के बजाय नगर निगम स्वयं स्थायी रूप से टेंट खरीदकर यह व्यवस्था सुनिश्चित करे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

