30 डिग्री पार तापमान, बेंगलूरु में भी बढ़ी गर्मी
दावणगेरे। कर्नाटक में मानसून के मौसम के बावजूद असामान्य गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। आसमान में लगातार बादल मंडराने के बाद भी बारिश न होने से राज्य के कई जिलों में तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोग भारी गर्मी और उमस से परेशान हैं। आंकड़े बताते हैं कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बादल छाए, पर बारिश नदारद
मौसम विभाग के अनुसार, वायुमंडल में बादल छाए रहने के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं हो रही है। कभी-कभार हल्की फुहारें जरूर पड़ती हैं, लेकिन उसके तुरंत बाद तेज धूप निकल आती है। अचानक बदल रहे इस मौसम के कारण लोगों को सितंबर के महीने में भी पंखे और एसी का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जिलों का हाल: बेंगलूरु भी तपिश की जद में
दावणगेरे जिले में इस वर्ष सितम्बर की शुरुआत में ही तापमान 29.9 से 31 डिग्री के बीच बना हुआ है। वहीं पड़ोसी जिलों— चित्रदुर्ग, बल्लारी और रायचूर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक है। राजधानी बेंगलूरु भी इससे अछूती नहीं है, जहां पारा 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
कम बारिश से मंडराया जल संकट का खतरा
मौसम विशेषज्ञों ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि इस मानसून सत्र में अपेक्षा से काफी कम बारिश हुई है, जिसके चलते राज्य के प्रमुख तालाब, नदियां और जलाशय पर्याप्त रूप से भर नहीं सके हैं। यदि आने वाले दिनों में मानसून की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आगामी दिनों में गर्मी और अधिक प्रचंड रूप धारण कर सकती है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

