चिक्कमगलूरु में एयरस्ट्रिप, हम्पी और मडिकेरी में हेलीपोर्ट विकसित करने की तैयारी
हवाई संपर्क मजबूत करने की तैयारी, तीनों स्थानों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की प्रक्रिया शुरू
चिक्कमगलूरु में 137 एकड़, मडिकेरी में 7.27 एकड़ और हम्पी के कमलानगर में 10 एकड़ जमीन चिह्नित
हुब्बल्ली। कर्नाटक सरकार ने पर्यटन और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम ने चिक्कमगलूरु, हम्पी और मडिकेरी में एयरस्ट्रिप तथा हेलीपोर्ट विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
तीन स्थानों का चयन
प्रस्तावित योजना के तहत चिक्कमगलूरु में 137 एकड़ भूमि पर एयरस्ट्रिप और हेलीपोर्ट विकसित किए जाएंगे। वहीं, हम्पी के कमलानगर में 10 एकड़ तथा मडिकेरी में 7.27 एकड़ भूमि पर हेलीपोर्ट स्थापित करने का प्रस्ताव है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच सुगम होगी। इससे घरेलू और विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढऩे के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
आपदा प्रबंधन में भी मदद
हेलीपोर्ट और एयरस्ट्रिप विकसित होने से चिकित्सा आपात स्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं तथा अन्य राहत एवं बचाव कार्यों में त्वरित हवाई सेवाएं उपलब्ध कराना संभव हो सकेगा। दूरस्थ क्षेत्रों को तेजी से जोडऩे में भी इन सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
वन क्षेत्र और अन्य तकनीकी बाधाओं के कारण जिन जिलों में पूर्ण हवाई अड्डों का निर्माण संभव नहीं है, वहां छोटे विमानों और हेलिकॉप्टर सेवाओं के लिए यह योजना एक व्यवहारिक विकल्प के रूप में देखी जा रही है। सरकार को उम्मीद है कि इससे राज्य की हवाई संपर्क व्यवस्था को नया विस्तार मिलेगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
