भीषण गर्मी में बढ़ी मांग, कीमत सुनकर ग्राहकों के छूट रहे पसीने
यादगीर. भीषण गर्मी के बीच शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले प्राकृतिक पेय नारियल पानी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो गई है। सामान्य दिनों में 30 से 40 रुपए में मिलने वाला नारियल पानी अब 70 से 80 रुपए तक पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी के कारण मांग में तेजी आई है, जिससे लोगों को महंगे दामों पर नारियल पानी खरीदना पड़ रहा है।
शहर के रेलवे स्टेशन रोड, नए बस स्टैंड, पुराने जिला अस्पताल परिसर, लालबहादुर शास्त्री सर्किल, सुभाषचंद्र बोस चौक, पुराने बस स्टैंड, गांधी चौक और सरकारी डिग्री कॉलेज के सामने सहित कई स्थानों पर नारियल पानी की बिक्री हो रही है। हालांकि कीमतें अधिक हैं, फिर भी गर्मी से राहत पाने के लिए लोग मजबूरी में इसे खरीद रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और सर्दियों के मौसम में यही नारियल पानी 25 रुपए तक मिल जाता है, लेकिन गर्मी बढ़ते ही इसके दाम लगातार बढऩे लगे। गर्मी की शुरुआत में जहां कीमत करीब 40 रुपए थी, वहीं अब यह बढक़र 80 रुपए तक पहुंच गई है। नारियल पानी पीने पहुंचे ग्राहक कीमत सुनकर हैरान रह जाते हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि अन्य शहरों की तुलना में यादगीर में नारियल पानी काफी महंगा बेचा जा रहा है और ग्राहकों से अधिक वसूली की जा रही है। वहीं व्यापारियों का कहना है कि मद्दूर से आने वाला नारियल पानी अधिक मीठा और ताजा होता है, इसलिए उसकी कीमत ज्यादा रहती है। कई बार आपूर्ति में देरी होने पर ग्राहकों को इंतजार भी करना पड़ता है।
स्वास्थ्य के लिए लाभकारी
डॉक्टरों के अनुसार बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और मरीजों के लिए नारियल पानी बेहद लाभकारी है। गर्मी के मौसम में शरीर में पानी और ऊर्जा की कमी को पूरा करने में यह मददगार होता है। नारियल पानी पीने से एसिडिटी और अपच जैसी समस्याएं कम होती हैं तथा शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इसी कारण गर्मी में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
