बल्लारी का युवक भी शामिल
विजयवाड़ा पुलिस की बहुराज्यीय कार्रवाई
आतंकी संगठनों से कथित संबंधों की जांच तेज
बल्लारी. देशभर में ऑनलाइन कट्टरपंथी विचारधारा के प्रसार और प्रतिबंधित संगठनों से कथित संबंधों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा पुलिस ने कर्नाटक, बिहार, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में समन्वित कार्रवाई करते हुए कुल 12 युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें कर्नाटक के बल्लारी का एक युवक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, बल्लारी शहर के कौल बाजार निवासी 36 वर्षीय अब्दुल सलाम को पुख्ता सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। विजयवाड़ा पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से देर रात छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया और आगे की पूछताछ के लिए आंध्र प्रदेश ले जाया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स के जरिए कथित रूप से कट्टरपंथी विचारों का प्रचार-प्रसार कर रहा था और कुछ प्रतिबंधित संगठनों के संपर्क में होने की आशंका है। इस मामले में विजयवाड़ा के टाउन पुलिस थाने में 23 मार्च को प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सर्च वारंट लेकर व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मोहम्मद रहमतुल्ला शरीफ (23) की गिरफ्तारी के बाद मिली जानकारी के आधार पर देशभर में छापेमारी की गई। अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि इस नेटवर्क के जरिए युवाओं को प्रभावित करने और उग्रवादी गतिविधियों की ओर प्रेरित करने की कोशिश की जा रही थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित कडिय़ों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है, वहीं पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

