वीडियो वायरल
हमले के बाद 4 आरोपी गिरफ्तार
3 महीने से रची जा रही थी साजिश
कारवार. शहर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और केपीसीसी के पूर्व महासचिव गोपालकृष्ण नायक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच, हमलावरों का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना उस समय की है जब गोपालकृष्ण नायक अकेले शेविंग कराने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हालांकि, सतर्कता दिखाते हुए नायक पास के एक बैंक में भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। उन्हें उपचार के लिए मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले की साजिश पिछले तीन महीनों से रची जा रही थी। बताया जा रहा है कि गोवा के रहने वाले हमलावरों ने अंकोला में किराए का घर लेकर नायक की गतिविधियों पर नजर रखी और सुपारी लेकर इस वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि स्थानीय स्तर पर ही किसी ने उनकी राजनीतिक बढ़त रोकने के लिए यह साजिश रची।
सीसीटीवी फुटेज में अंकोला के पूर्णप्रज्ञा शैक्षणिक संस्थान के पास आरोपियों को घटना के बाद सडक़ पर भागते हुए देखा गया है। एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति मोबाइल पर बात करते हुए हमलावरों को फटकार लगाते हुए सुनाई देता है- “काम पूरा नहीं किया तो यहां क्यों आए? अधूरा काम करके भाग रहे हो?”
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी कार छोडक़र फरार होने की कोशिश कर रहे थे, तभी कारवार के माजाली सीमा के पास चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में गोवा में देर रात तक छापेमारी की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी क्षेत्र के आईजीपी स्वयं कारवार में डेरा डाले हुए हैं। उत्तर कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक दीपक के नेतृत्व में जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि इस मामले में शामिल असली साजिशकर्ता का जल्द ही खुलासा हो सकता है।
इस घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

