तोक्कोट्टु फ्लाईओवर के पास वारदात, पुरानी रंजिश की आशंका; पुलिस जांच तेज
उल्लाल (दक्षिण कन्नड़)। तड़के हुए एक सनसनीखेज हमले में राउडी शीटर की धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उल्लाल के समीप तोक्कोट्टु फ्लाईओवर के पास हुई। मृतक की पहचान उच्चिल मुल्लुगुड्डे निवासी 46 वर्षीय आरिफ हुसैन उर्फ “टैबलेट आरिफ” के तौर पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरिफ मेंगलूरु के बंदर पुलिस थाना क्षेत्र में राउडीशीटर के रूप में दर्ज था और धक्का क्षेत्र में मछली का कारोबार करता था। शुक्रवार सुबह वह बुलेट बाइक से मेंगलूरु की ओर जा रहा था, तभी एक कार में सवार हमलावरों ने उसका पीछा किया और मौके पर ही घात लगाकर उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हमलावर फरार हो गए।
पुरानी दुश्मनी का शक
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। वर्ष 2022 के मई महीने में भी आरिफ पर इसी तरह हमला हुआ था, जब बजाल क्षेत्र के टोप्पी नौफल गिरोह ने चाकू से वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं उसी मामले की कड़ी इस हत्या से जुड़ी तो नहीं है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आरिफ मूल रूप से कुद्रोली का रहने वाला था और पिछले सात वर्षों से परिवार के साथ मुल्लुगुड्डे क्षेत्र में रह रहा था। वह अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डीसीपी मिथुन एच एन शामिल हैं, मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

