बिना जांच लगाया इंजेक्शन बना जानलेवा
परिजनों का आरोप-लापरवाही से गई बेटी की जान
पुलिस ने दर्ज किया मामला
रायचूर. जिले के अमीनगढ़ गांव में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 15 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृत छात्रा की पहचान सिंधू (15) के तौर पर की गई है, जो स्थानीय सरकारी हाई स्कूल में 9वीं कक्षा की छात्रा थी। आर्थिक स्थिति के चलते उसके माता-पिता बेंगलूरु में मजदूरी करते थे, जबकि सिंधू अपनी दादी के साथ गांव में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
घटना का विवरण
परिजनों के अनुसार, 27 मार्च की देर रात करीब 1.30 बजे सिंधू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसकी दादी उसे गांव के एक निजी डॉक्टर उत्तमकुमार के पास उपचार के लिए ले गईं। आरोप है कि डॉक्टर ने बिना समुचित जांच किए ही लापरवाहीपूर्वक इंजेक्शन लगा दिया।
इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद छात्रा की हालत और बिगड़ गई। इंजेक्शन वाली जगह पर सूजन और फफोले उभर आए, जिससे वह दर्द से तड़पने लगी। सूचना मिलने पर बेंगलूरु से पहुंचे माता-पिता उसे तुरंत मानवी सरकारी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता हुलिगेप्पा ने आरोप लगाया कि मेरी बेटी पूरी तरह ठीक थी। बिना जांच किए गलत इंजेक्शन देने से उसकी जान चली गई। दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। बेटी की अचानक मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उनका कहना है कि झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही के कारण मासूमों की जान जा रही है। उन्होंने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और ऐसे अवैध क्लीनिकों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस कार्रवाई
कविताल पुलिस थाने में मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति और अवैध चिकित्सकों के बढ़ते खतरे को उजागर करती है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

