चित्रदुर्ग. जिले के कुंचिगनाल के पास रविवार को हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब महिला सडक़ पार कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार परिवहन बस ने सडक़ पार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला को संभलने का कोई मौका नहीं मिला।
घटना के बाद कुछ समय के लिए सडक़ पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहनों की आवाजाही सुचारू कराई।
फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास जारी हैं।
यह हादसा यातायात (ट्रैफिक) पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बस चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सडक़ पार करते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
