सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उड़ान संभव
एमबी. पाटिल ने दी जानकारी
एयरलाइंस से दो दौर की बैठक, 220 करोड़ की अतिरिक्त राशि जारी
विजयपुर. विजयपुर एयरपोर्ट के संचालन को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। राज्य के बुनियादी ढांचा विकास और उद्योग मंत्री एमबी. पाटिल ने बताया कि एयरपोर्ट से जुड़े सभी पर्यावरणीय और कानूनी मामलों की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में पूरी हो चुकी है और अब सिर्फ फैसले की घोषणा बाकी है।
उन्होंने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यदि अदालत का निर्णय अनुकूल आता है, तो तुरंत ही विजयपुर एयरपोर्ट से विमान सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है और संचालन की अंतिम मंजूरी के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को आवेदन भी किया गया है।
एयरलाइंस कंपनियों से सकारात्मक संकेत
मंत्री ने बताया कि विजयपुर को बेंगलूरु सहित देश के विभिन्न शहरों से जोडऩे के लिए विमानन कंपनियों के साथ दो चरणों में बैठक की जा चुकी है। कंपनियों ने इस परियोजना के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर जल्द अनुमति देने का अनुरोध किया है।
कानूनी अड़चनें कैसे सुलझीं
वर्ष 2021-22 में परियोजना शुरू होने के समय पर्यावरण मंजूरी नहीं ली गई थी, जिसके चलते कानूनी अड़चनें सामने आईं। चेन्नई की एक संस्था द्वारा सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने के बाद कई परियोजनाओं पर रोक लगा दी गई थी।
बाद में वरिष्ठ वकीलों कपिल सिब्बल, देवदत्त कामत और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की दलीलों के बाद कोर्ट ने मामले की पुन: समीक्षा की और अब फैसला सुरक्षित रखा है।
220 करोड़ की अतिरिक्त अनुदान
राज्य सरकार ने एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 220 करोड़ रुपए अतिरिक्त अनुदान जारी किए हैं। इसमें संपर्क सडक़ के लिए 60 करोड़ रुपए, अग्निशमन वाहनों के लिए 25 करोड़ रुपए और नाइट लैंडिंग सुविधा के लिए 60 करोड़ रुपए शामिल हैं। इससे अब बड़े विमानों की आवाजाही भी संभव हो सकेगी।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
एयरपोर्ट शुरू होने से विजयपुर समेत कित्तूर कर्नाटक क्षेत्र के कई जिलों और पड़ोसी महाराष्ट्र के जिलों को भी फायदा होगा। अब सभी की निगाहें सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जिसके बाद इस लंबे समय से प्रतीक्षित परियोजना को हरी झंडी मिलने की उम्मीद है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

