धर्मपुर में सुहास सुधाकर को अधिक मतों से जिताने की अपील
सुधाकर को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री
चित्रदुर्ग। हिरियूर तालुक के धर्मपुर में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार अपने मित्र और पूर्व मंत्री डी. सुधाकर को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि सुधाकर में जाति-धर्म का भेद नहीं था और वे सभी को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। मुख्यमंत्री ने हिरियूर क्षेत्र के विकास के लिए 2,200 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी देने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि हिरियूर उनके लिए कनकपुर जितना ही महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। भद्रा ऊपरी परियोजना से प्रायोगिक तौर पर पानी छोड़ा गया है और धर्मपुर तालाब को भरने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। उन्होंने केंद्र पर भद्रा परियोजना के लिए घोषित 5,300 करोड़ रुपए जारी नहीं करने का आरोप लगाया।
सुहास को लेकर संकेत
आगामी चुनाव में उम्मीदवार चयन पर शिवकुमार ने कहा कि पार्टी ने चार बार सर्वे कराया है और योग्य उम्मीदवार को ही मैदान में उतारा जाएगा। हालांकि, बाद में उन्होंने सुहास सुधाकर का नाम लेते हुए कहा कि जनता उन्हें अधिक मतों से जिताए। इससे सुहास की उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई।
उन्होंने कहा कि आपका उम्मीदवार ही मेरा उम्मीदवार है। कार्यकर्ताओं द्वारा सुहास को टिकट देने की मांग पर उन्होंने कहा कि उम्मीदवार तैयार है तो दूसरे की तलाश क्यों की जाए।
विपक्ष पर साधा निशाना
शिवकुमार ने भाजपा और जद (एस) पर विकास कार्य नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता केवल बातें करते हैं। कांग्रेस सरकार ने पांच गारंटियों को सफलतापूर्वक लागू किया है और अब गरीबों के लिए पांच लाख भूखंड, घर-घर सरकारी सेवाएं तथा ‘भूमि गारंटी’ जैसी योजनाएं लागू की जा रही हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने दिंडावर में 17 तालाबों को पानी से भरने की योजना का शिलान्यास किया। यहां भी उन्होंने सुधाकर को याद करते हुए सुहास को अधिक मतों से जिताने की अपील की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

