प्रियांक खरगे का दावा—पुलिस के पास पुख्ता सबूत
कुमारस्वामी का पलटवार, कहा- जल्द करूंगा बड़ा खुलासा
हुब्बल्ली। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के कथित स्टिंग ऑपरेशन को लेकर कर्नाटक में सियासी घमासान तेज हो गया है। गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने आरोप लगाया है कि स्टिंग में इस्तेमाल मोबाइल फोन केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के आवास पर बदला गया था। उन्होंने दावा किया कि पुलिस के पास इसके पुख्ता सबूत हैं। कुमारस्वामी ने पलटवार करते हुए कहा कि यह मामला किसके लिए बूमरैंग साबित होगा, इसका खुलासा जल्द करेंगे।
कलबुर्गी में खरगे ने कहा कि वे बिना सबूत के आरोप नहीं लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सिद्धरामय्या, डी.के. शिवकुमार और मल्लिकार्जुन खरगे की छवि खराब करने के लिए राजनीतिक साजिश रची गई। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है।
कुमारस्वामी ने पहले ही जताया था अंदेशा
कुमारस्वामी ने करीब एक सप्ताह पहले आरोप लगाया था कि स्टिंग मामले को जानबूझकर उनकी ओर मोडऩे की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया था कि स्टिंग करने वाले आरोपी ने इसकी जिम्मेदारी स्वीकार की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर देवगौड़ा परिवार को राजनीतिक रूप से खत्म करने के लिए 600 करोड़ रुपए की कथित सौदेबाजी का आरोप भी लगाया था।
पुलिस आयुक्त पर भी उठाए सवाल
पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार के बयान पर नाराजगी जताते हुए कुमारस्वामी ने सवाल किया कि अधिकारी किसके प्रभाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस विभाग के भीतर चल रही गतिविधियों का खुलासा करने की चेतावनी दी और कहा कि उनकी पार्टी इस मामले का सामना करने को तैयार है।
आईटी-ईडी के इस्तेमाल का भी आरोप
इससे पहले खरगे ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया था कि एक केंद्रीय मंत्री उनके और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के खिलाफ आयकर विभाग तथा प्रवर्तन निदेशालय का इस्तेमाल करने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने परोक्ष रूप से कुमारस्वामी पर निशाना साधा था।
सीसीबी की 15 ठिकानों पर छापेमारी
स्टिंग विवाद के बीच केंद्रीय अपराध शाखा ने बेंगलूरु में 15 ठिकानों पर छापेमारी की। एक निजी समाचार चैनल पर भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। पुलिस आयुक्त कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच सिद्धरामय्या दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के प्रदर्शन में शामिल हुए। पूरे मामले में अब पुलिस जांच और दोनों पक्षों के अगले खुलासों पर नजर है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

