नरसापुर में रोजाना 10 हजार दोपहिया वाहनों का उत्पादन
7,800 से अधिक लोगों को रोजगार
इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन बढ़ाने की भी तैयारी
हुब्बल्ली। होंडा मोटर्स के कर्नाटक छोडक़र दूसरे राज्य में जाने संबंधी केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के आरोप को उद्योग मंत्री एम.बी. पाटील ने मनगढ़ंत और राजनीतिक मंशा से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि होंडा कर्नाटक में ही है और आगे भी यहीं रहेगी। ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों से राज्य के औद्योगिक माहौल को नुकसान पहुंच सकता है।
मीडिया को जारी बयान में पाटील ने बताया कि कोलार जिले के नरसापुर में होंडा को वर्ष 2011 से चरणबद्ध तरीके से 135 एकड़ जमीन आवंटित की गई थी। कंपनी वर्ष 2013 से यहां दोपहिया वाहनों का उत्पादन कर रही है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 10 हजार वाहन बनाए जा रहे हैं और राज्य में 7,800 से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
दक्षिण भारत को यहीं से कलपुर्जों की आपूर्ति
मंत्री के अनुसार, होंडा ने बेंगलूरु ग्रामीण जिले के डोड्डबल्लापुर तालुक के आदि नारायण होसहल्ली में 35 एकड़ जमीन पर कलपुर्जों के भंडारण और आपूर्ति की इकाई स्थापित की है। यहां से पूरे दक्षिण भारत में कलपुर्जों की आपूर्ति होती है। इससे कर्नाटक में कंपनी की मजबूत औद्योगिक मौजूदगी स्पष्ट होती है।
इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन बढ़ाने की योजना
पाटील ने कहा कि होंडा इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के उत्पादन में भी रुचि दिखा रही है। आने वाले दिनों में नरसापुर परिसर में ही इसका विस्तार करने की योजना है। राज्य सरकार की ओर से कोई चूक नहीं हुई है और कंपनी ने भी ऐसी कोई शिकायत नहीं की है।
कुमारस्वामी से उद्योग लाने की पहल करने को कहा
पाटील ने कुमारस्वामी से कहा कि राज्य का प्रतिनिधित्व करने के नाते उन्हें कर्नाटक में नए उद्योग लाने के प्रयास करने चाहिए। कंपनियों के गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और ओडिशा जाने के आरोप लगाकर औद्योगिक माहौल पर सवाल उठाने से राज्य के हित प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर जिम्मेदारी से बयान देना चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

