मेंगलूरु तट से 100 किलोमीटर दूर गहरे समुद्र में हुआ हादसा
गंभीर हालत में मछुआरे को बचाकर अस्पताल पहुंचाया
मेंगलूरु। अरब सागर की ऊंची लहरों और घने अंधेरे के बीच भारतीय तटरक्षक बल ने साहसिक अभियान चलाकर समुद्र में गिरे एक मछुआरे की जान बचाई। मेंगलूरु तट से करीब 100 किलोमीटर (54 समुद्री मील) दूर जाल खींचते समय समुद्र में गिरे कुमार रामू को तटरक्षक दल ने सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
तटरक्षक बल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रविवार आधी रात भारतीय मछली पकडऩे वाली नौका आईएफबी शिवसागर पर मछुआरे जाल खींच रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगडऩे से कुमार रामू समुद्र में गिर गए। नौका पर मौजूद अन्य मछुआरों ने उन्हें तत्काल पानी से बाहर निकाला, लेकिन वे बेहोश हो चुके थे और उनकी हालत गंभीर थी। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी।
नौका के कर्मचारियों ने वीएचएफ वायरलेस के माध्यम से मेंगलूरु स्थित तटरक्षक मुख्यालय (सीजीडीएचक्यू-3) को आपात संदेश भेजा। सूचना मिलते ही तटरक्षक बल ने बिना देरी किए आईसीजीएस सी-448 इंटरसेप्टर नौका को बचाव अभियान के लिए रवाना किया।
घने अंधेरे में तलाशी अभियान चलाकर तटरक्षक दल ने मछली पकडऩे वाली नौका का पता लगाया। इसके बाद सावधानीपूर्वक बीमार मछुआरे को तटरक्षक नौका पर स्थानांतरित कर प्राथमिक उपचार दिया गया।
बाद में उन्हें न्यू मेंगलूरु पोर्ट प्राधिकरण के जेट्टी पर लाया गया और वहां से आगे के उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तटरक्षक बल की त्वरित कार्रवाई से मछुआरे को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

