भाजपा को हार का डर, इसलिए कर रही अपप्रचार: सिद्धरामय्यामुख्यमंत्री सिद्धरामय्या।

बागलकोट उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा

बोले—गारंटी योजनाएं ही असली विकास

बागलकोट. मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी को आगामी चुनावों में हार का डर सता रहा है, इसलिए वह कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपप्रचार कर रही है। बागलकोट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिद्धरामय्या ने विश्वास जताया कि उपचुनाव में कांग्रेस को अपेक्षा से अधिक जनसमर्थन मिल रहा है और दोनों सीटों पर पार्टी की जीत तय है।

गारंटी योजनाएं ही सामाजिक निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार की सभी योजनाएं गरीबों और सभी वर्गों के कल्याण के लिए बनाई गई हैं। भाजपा द्वारा इन योजनाओं का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “विकास का अर्थ केवल सडक़, पुल और इमारतें नहीं, बल्कि लोगों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देना भी है।”

1.31 लाख करोड़ रुपए खर्च, फिर भी विकास जारी

सिद्धरामय्या ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में सरकार ने गारंटी योजनाओं पर 1.31 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इसके बावजूद सिंचाई, लोक निर्माण, ग्रामीण विकास, पेयजल, पुलिस व्यवस्था और एससी/एसटी योजनाओं पर खर्च में कोई कटौती नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 42,000 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे, जो इस वर्ष बढक़र 44,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है।

कर्ज को लेकर भाजपा पर पलटवार

भाजपा के कर्ज संबंधी आरोपों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखा है। राज्य का कर्ज जीडीपी के 24.94 प्रतिशत के भीतर है, जो निर्धारित सीमा से कम है।

उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि वह वित्तीय जिम्मेदारी कानून को सही तरीके से समझे और बजट का अध्ययन करे।

केंद्र से बेहतर आर्थिक स्थिति का दावा

सिद्धरामय्या ने कहा कि कर्नाटक की जीडीपी वृद्धि दर 8.1 प्रतिशत है, जो केंद्र सरकार की 7.14 प्रतिशत वृद्धि दर से अधिक है। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी कर्ज बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश पर भारी कर्ज बढ़ा है।

भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने वादों को निभाया है, जबकि भाजपा अपने वादों का 10 प्रतिशत भी पूरा नहीं कर पाई। भाजपा को झूठे आरोप लगाने के बजाय अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखनी चाहिए।

साथ ही, उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की योजनाओं, विशेषकर “शक्ति योजना”, ने महिलाओं को सशक्त बनाया है।

चुनाव में जीत का भरोसा

सिद्धरामय्या ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने काम के आधार पर जनता के बीच जा रही है और उन्हें पूरा विश्वास है कि बागलकोट उपचुनाव में पार्टी को भारी जीत मिलेगी।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *