सरकार ने 10 लाख रुपए से अधिक वसूले
हावेरी में बड़ा खुलासा
एटीएम से निकाली गई राशि
विभाग ने जनवरी से तेज की वसूली प्रक्रिया
हावेरी. कर्नाटक की प्रमुख गारंटी योजना ‘गृहलक्ष्मी’ में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कई मृत लाभार्थियों के बैंक खातों में योजना की राशि लगातार जमा होती रही और कुछ मामलों में एटीएम के जरिए पैसा निकाले जाने का भी खुलासा हुआ है। इस पर कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने अब तक 10 लाख रुपए से अधिक की राशि वापस वसूल की है।
मृत्यु के बाद भी खाते में आ रही थी राशि
गृहलक्ष्मी योजना के तहत परिवार की महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपए दिए जाते हैं। लेकिन कई मामलों में लाभार्थी महिला की मृत्यु के बाद भी परिवार ने इसकी सूचना सरकार को नहीं दी। परिणामस्वरूप, ऐसे खातों में नियमित रूप से राशि जमा होती रही और उसका उपयोग भी किया गया।
एटीएम के जरिए निकाली गई रकम
जांच में सामने आया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई बुजुर्ग महिलाएं स्वयं एटीएम का उपयोग नहीं करती थीं। वे अपने परिजनों को एटीएम कार्ड और पासवर्ड देकर पैसा निकलवाती थीं। इसी कारण उनकी मृत्यु के बाद भी परिवार के सदस्य आसानी से खाते से राशि निकालते रहे।
जनवरी से तेज हुई वसूली
मामला उजागर होने के बाद विभाग ने सख्ती दिखाते हुए जनवरी से वसूली अभियान शुरू किया। जिले में अब तक 1792 मृत लाभार्थियों की पहचान की गई है और उनके खातों में जमा 10,16,000 रुपए वापस लिए जा चुके हैं।
नियंत्रण के लिए उठाए कदम
अधिकारी ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मृत लाभार्थियों की जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद बैंक और विभाग के समन्वय से खातों की नियमित जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।
10 लाख रुपए से अधिक की वसूली की
कुछ मामलों में मृत लाभार्थियों के खातों से राशि निकाले जाने की पुष्टि हुई है। कई लोगों ने निर्देश के बाद राशि वापस कर दी है। अब तक 10 लाख रुपए से अधिक की वसूली की जा चुकी है।
–रेवती होसमठ, उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग
तहसीलवार आंकड़े
तालुक — मामले — वसूली गई रकम
हानगल — 215 — 3.26 लाख रुपए
राणेबेन्नूर — 571 — 3.32 लाख रुपए
हिरेकेरूर — 291 — 18 हजार रुपए
शिग्गावी — 224 — 30 हजार रुपए
सवणूर — 203 — 62 हजार रुपए
हावेरी — 186 — 1.74 लाख रुपए
ब्याडगी — 102 — 74 हजार रुपए
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

