सुधाकर के पुत्र सुहास को टिकट लगभग तय
एनडीए में जातीय समीकरण साधने की कवायद
चित्रदुर्ग। विधान परिषद की चारों सीटें गंवाने के बाद कांग्रेस ने हिरियूर विधानसभा उपचुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। चुनाव की घोषणा से पहले ही मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत मंत्री और विधायक क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं।
मुख्यमंत्री अब तक पांच-छह बार हिरियूर का दौरा कर चुके हैं। दिवंगत विधायक डी. सुधाकर को श्रद्धांजलि, सूखा समीक्षा और विकास कार्यक्रमों के जरिए उन्होंने क्षेत्र में पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है। पिछले सप्ताह 2,500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। 21 नवंबर को उनके नेतृत्व में प्रजासेवा अभियान होगा। मंत्री एच.सी. बालकृष्ण और विधायक एच.डी. रंगनाथ भी गांवों में जनसंपर्क कर रहे हैं।
कांग्रेस सुधाकर के निधन से उपजी सहानुभूति और सरकारी योजनाओं के दम पर सीट बचाना चाहती है। मुख्यमंत्री अपने दौरों में सुधाकर के सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराकर भावनात्मक अपील कर रहे हैं। सुधाकर के पुत्र सुहास को टिकट मिलना लगभग तय माना जा रहा है।
एनडीए में जातीय समीकरण की तैयारी
सुधाकर के रहते व्यक्तिगत छवि चुनाव में अहम रही, लेकिन अब जातीय गणित पर जोर है। एनडीए में कुंचिटिग वोक्कालिगा या काडुगोल्ला समुदाय के नेता को उतारने की चर्चा है। दोनों प्रमुख समुदायों के करीब 50-50 हजार मतदाता हैं। काडुगोल्ला प्रदेश अध्यक्ष राजन्ना के भाजपा में शामिल होने के बाद उनकी उम्मीदवारी के कयास हैं। टिकट को लेकर भाजपा और जद (एस) में भी खींचतान संभव है।
आट्टिका बाबू की नजर कांग्रेस के वोट बैंक पर
आट्टिका गोल्ड कंपनी के प्रमुख बोम्मनहल्ली बाबू निर्दलीय उतरने की तैयारी में क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं। उनके कार्यक्रमों में मुस्लिम और मादिगा मतदाताओं की भागीदारी के बीच कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाने की चर्चा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
