भाल्की के जांती गांव में खुशी का माहौल बदला चिंता में
कई की हालत गंभीर
बीदर. नए घर की खुशी में आयोजित भोज एक बड़ी दुर्घटना में बदल गया, जब भोजन करने वाले 40 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। यह घटना भाल्की तालुक के जांती गांव में हुई, जिससे पूरे गांव में हडक़ंप मच गया।
रात का भोजन, आधी रात को बिगड़ी तबीयत
ग्रामवासियों के अनुसार, सभी लोगों ने रात में भोज में हिस्सा लिया और घर लौट गए। लेकिन आधी रात के बाद कई लोगों को अचानक पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। धीरे-धीरे यह समस्या अन्य लोगों में भी फैल गई।
अस्पतालों में भर्ती, कई गंभीर
स्थिति बिगडऩे पर स्थानीय लोगों ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया।
करीब 10 से 15 लोगों को बीदर के ब्रिम्स अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य का इलाज नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में जारी है।
मकान मालिक राजकुमार, संगीता, ईरम्मा, शिवानंद और अंबिका सहित कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जांच शुरू, सैंपल भेजे गए लैब
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। भोजन के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
प्राथमिक जांच में भोजन में किसी प्रकार की खराबी या दूषित सामग्री होने की आशंका जताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सामूहिक आयोजन में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थ जल्दी खराब हो सकते हैं, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
स्थिति नियंत्रण में, निगरानी जारी
फिलहाल गांव की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम मरीजों की लगातार निगरानी कर रही है और गंभीर मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

