शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश
कलबुर्गी में 57 वर्षीय शिक्षिका की बेरहमी से हत्या
27 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
कलबुर्गी. जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक 57 वर्षीय सरकारी स्कूल शिक्षिका की अवैध संबंध और पैसों के विवाद के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने हत्या के बाद शव को जलाकर सबूत मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जली हुई लाश से खुला राज
कमलापुर तालुक के कलमूड गांव के पास एक सुनसान इलाके में शनिवार को अधजली हुई महिला की लाश मिली थी। शव बुरी तरह जल जाने के कारण पहचान करना मुश्किल था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका की पहचान कलबुर्गी निवासी ज्योति कपाले (57) के तौर पर की गई, जो बीदर जिले के भाल्की तालुक के वांजरखेड सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं।
अवैध संबंध और पैसों का खेल
पुलिस जांच में सामने आया कि ज्योति कपाले का पड़ोसी अमर गुड्डल्ली (27) के साथ पिछले पांच वर्षों से संबंध था। अमर शादीशुदा होने के बावजूद पैसे के लालच में इस रिश्ते को बनाए रखे हुए था।
बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने अमर को 15 से 20 लाख रुपए दिए थे, जिससे उसने एक लग्जरी कार भी खरीदी थी।
पैसे के दबाव ने ली जान
हाल ही में ज्योति ने दिए गए पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए थे। इसी से नाराज होकर अमर ने हत्या की साजिश रची।
3 अप्रेल को वह ज्योति को अपनी कार में घुमाने के बहाने गाणगापुर दत्तात्रेय मंदिर सहित कई जगह ले गया। रात में सुनसान इलाके में ले जाकर पहले से तैयार धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद पेट्रोल डालकर शव को जला दिया और फरार हो गया।
मोबाइल लोकेशन से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर जांच करते हुए आरोपी अमर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार, पेट्रोल कैन और कार बरामद की है। फिलहाल आरोपी को कलबुर्गी सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

