विशेषज्ञों ने दिए ठोस सुझाव
भद्रा वन से बाहर आ रहे हाथी, जागरूकता और वैज्ञानिक अध्ययन को बताया समाधान
चिक्कमगलूरु. जिले में जंगली हाथियों और मनुष्यों के बीच संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे मलेनाडु क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि बीते एक वर्ष में 9 लोगों की जान जा चुकी है। अब हाथी भद्रा वन क्षेत्र से निकलकर कोप्पा, एनआर पुर और बालेहोनूर तक पहुंच रहे हैं।
संघर्ष के पीछे असली वजह
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि हाथियों का जंगल से बाहर आना स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन उनके पारंपरिक रास्तों में मानवीय हस्तक्षेप के कारण समस्या बढ़ रही है। सडक़, बांध, नहर, इमारत और रेलमार्ग जैसे विकास कार्यों ने हाथियों के प्राकृतिक मार्गों को बाधित कर दिया है, जिससे वे गांवों की ओर रुख कर रहे हैं।
स्थायी समाधान की जरूरत
विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों का घटता क्षेत्र और बढ़ती मानव गतिविधियां इस संघर्ष की मुख्य वजह हैं। इसलिए हाथियों के मार्गों की पहचान कर उन्हें संरक्षित करना और पर्याप्त वन क्षेत्र बनाए रखना जरूरी है।
सरकार से दीर्घकालिक नीति की मांग
स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों ने सरकार से अपील की है कि तात्कालिक उपायों के बजाय स्थायी और वैज्ञानिक समाधान पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही, लोगों को हाथियों के साथ सुरक्षित सह-अस्तित्व के बारे में शिक्षित करना चाहिए।
मानव और वन्यजीव के बीच बढ़ता यह संघर्ष अब गंभीर चुनौती बन चुका है, जिसके समाधान के लिए संतुलित और दूरदर्शी कदम उठाना आवश्यक है।
लोगों में जागरूकता जरूरी
हाथियों और मनुष्यों का संबंध आज का नहीं, बल्कि प्राचीन काल से है। हाथियों के अपने निश्चित मार्ग होते हैं, जिन्हें मनुष्य ने बाधित कर दिया है। लोगों को हाथियों के व्यवहार के बारे में जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे घबराने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखना सीखें।
–एस. गिरिजा शंकर, पूर्व सदस्य, कर्नाटक वन्यजीव मंडल
नियमित मुआवजा ही व्यावहारिक समाधान
केवल घटना के बाद मुआवजा देना पर्याप्त नहीं है। जिन क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही अधिक है, वहां के किसानों को नियमित वार्षिक मुआवजा देना चाहिए। यदि लोगों को पहले से आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, तो वे इस स्थिति के साथ सामंजस्य बैठा सकेंगे।
–श्रीदेव हुलिकेरे, सदस्य, वाइल्ड कैट-सी टीम
“सॉफ्ट रिलीज केंद्र अवैज्ञानिक”
हाथियों के लिए प्रस्तावित ‘सॉफ्ट रिलीज केंद्र’ अवैज्ञानिक है। हाथियों को पकडक़र स्थानांतरित करना उनके लिए अत्यंत कष्टदायक है और इससे समस्या का समाधान नहीं होगा। जंगलों को काटकर ऐसे केंद्र बनाना और भी गंभीर समस्या पैदा करेगा।
–डी.वी. गिरीश, प्रमुख, भद्रा वन्यजीव संरक्षण संस्था
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

