सैनिक स्कूल बीजापुर में इंटर-हाउस बास्केटबॉल प्रतियोगिता संपन्न
कर्नल बीके. वामसी ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का उत्साह
विजयपुर. सैनिक स्कूल बीजापुर में आयोजित इंटर-हाउस बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। स्कूल के सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि 36 कर्नाटक बटालियन एनसीसी, विजयपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बीके. वामसी ने प्रतियोगिता का अवलोकन करते हुए कहा कि बास्केटबॉल जैसे खेल कैडेट्स में शारीरिक मजबूती, फुर्ती और टीम अनुशासन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खिलाडिय़ों के कौशल की सराहना
कर्नल वामसी ने खिलाडिय़ों की ड्रिब्लिंग, पासिंग, शूटिंग, रिबाउंडिंग और टीम वर्क की सराहना की। स्वयं बास्केटबॉल खिलाड़ी होने के नाते उन्होंने कैडेट्स को तकनीकी सुझाव भी दिए और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
वाडियार सदन ने जीता खिताब
प्रतियोगिता में स्कूल के छह सदनों-चालुक्य, आदिलशाही, वाडियार, होयसल, विजयनगर और राष्ट्रकूट के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। वरिष्ठ वर्ग में वाडियार सदन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि आदिलशाही सदन उपविजेता रहा। विजेता टीम को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में स्कूल की प्रभारी प्राचार्या कमांडर मीना कुमारी, प्रशासनिक अधिकारी मेजर रितेश कुमार, वरिष्ठ शिक्षक रेवण कुमार देसाई सहित शैक्षणिक व प्रशासनिक स्टाफ, पीटीआई, एनसीसी कर्मी और कैडेट्स उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

