वैश्विक संकट के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमत सबसे कम बढ़ी
कांग्रेस सरकार से भी पूछे सवाल
हुब्बल्ली. केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा है कि वैश्विक संघर्ष और तेल आपूर्ति संकट के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बेहद सीमित बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने दावा किया कि जहां कई देशों में ईंधन की कीमतें 20 से 45 प्रतिशत तक बढ़ी हैं, वहीं भारत में केवल 3.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ोतरी के बाद विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार पर किए जा रहे हमलों के बीच मंत्री ने आंकड़ों के साथ सरकार का पक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बावजूद प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने कुछ समय पहले जनता को राहत देने के लिए उत्पाद शुल्क में 10 रुपए की कटौती की थी। लेकिन अब ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें ऐतिहासिक स्तर तक पहुंचने से कीमतों में वृद्धि अपरिहार्य हो गई है।
प्रल्हाद जोशी ने कहा कि अमरीका में ईंधन कीमतों में 44.5 प्रतिशत, श्रीलंका में 38.2 प्रतिशत, ब्रिटेन में 19.2 प्रतिशत और जर्मनी में 13.7 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, जबकि भारत में यह वृद्धि केवल 3.2 प्रतिशत रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि दुनिया के अधिकांश देश ऊर्जा संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस वास्तविक स्थिति जानते हुए भी राजनीतिक आरोप लगा रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वैश्विक स्तर पर कोई बड़ा आपूर्ति संकट नहीं था, तब भी कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने दो बार ईंधन कर बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि 15 जून 2024 को कर्नाटक सरकार ने पेट्रोल पर वैट 25.92 प्रतिशत से बढ़ाकर 29.84 प्रतिशत और डीजल पर 14.34 प्रतिशत से बढ़ाकर 18.44 प्रतिशत कर दिया था। इसके बाद 1 अप्रेल 2025 को डीजल पर वैट फिर बढ़ाकर 21.17 प्रतिशत किया गया, जिससे डीजल की कीमतों में लगभग 5 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई।
जोशी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने 50 से अधिक आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ाकर आम जनता पर बोझ डाला है, जबकि अब केंद्र सरकार पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में देश की जनता ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी की मजबूरी को समझती है और राज्य सरकारों को भी केंद्र के निर्णयों का सम्मान करना चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

