एक जून से खुलेंगी कक्षाएं, मध्याह्न भोजन के लिए गैस सिलेंडर आपूर्ति बनी चुनौती
उडुपी/मेंगलूरु. जिले भर के विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियां शुक्रवार से ही औपचारिक रूप से शुरू हो गईं। कुछ निजी विद्यालयों में कक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जबकि सरकारी और अनुदानित विद्यालयों में प्रशासनिक कार्यों तथा बुनियादी सुविधाओं की तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।
स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के जिला और तालुक स्तर के अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर कक्षाओं की स्वच्छता, फर्नीचर की स्थिति, खेल मैदानों की सफाई, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति नहीं रही, लेकिन शिक्षक और कर्मचारी विद्यालयों में उपस्थित होकर तैयारियों में जुटे रहे। स्थानीय निकायों, विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समितियों, पूर्व छात्र संघों तथा स्वयंसेवकों के सहयोग से जल टंकियों की सफाई, परिसर स्वच्छता और रखरखाव कार्य किए गए। यह प्रक्रिया शनिवार तक जारी रही। एक जून को विद्यालय प्रवेशोत्सव के बाद नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
इस बीच, मध्याह्न भोजन योजना के लिए आवश्यक रसोई गैस सिलेंडरों की उपलब्धता चिंता का विषय बन गई है। जिले के कई क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की कमी की सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी गैस एजेंसियों को निर्देश जारी किए हैं। विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
मानसून को देखते हुए विद्यालय परिसरों में जलभराव रोकने, भवनों की छतों की जांच, विद्युत सुरक्षा और पेयजल की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
वहीं, दक्षिण कन्नड़ जिले में भी विद्यालयों को प्रवेशोत्सव के लिए सजाया जा रहा है। मुख्याध्यापकों (हेड मास्टर), शिक्षकों, विद्यालय विकास समितियों और अभिभावकों को विद्यार्थियों का विशेष स्वागत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में सरकारी, अनुदानित और निजी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों सहित कुल 1,776 विद्यालय हैं, जहां एक जून से नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

