बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने और कथित भडक़ाऊ भाषण देने का आरोप
पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर दर्ज की एफआईआर
हुब्बल्ली. शहर के आर.एन. शेट्टी कल्याण मंडप में श्रीराम सेना की महिला इकाई दुर्गा सेना द्वारा आयोजित त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम को लेकर उपनगर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए श्रीराम सेना के संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद मुतालिक समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को आयोजित कार्यक्रम में लोहे के हथियारों का प्रदर्शन किया गया तथा महिलाओं को त्रिशूल के आकार के हथियार वितरित किए गए। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान दिए गए भाषणों में विभिन्न धर्मों के बीच वैमनस्य और घृणा फैलाने वाले कथित बयान दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
बिना पूर्व अनुमति आयोजित किया गया कार्यक्रम
प्राथमिकी में कहा गया है कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया गया और उसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में हथियारों का प्रदर्शन किया गया।
पुलिस ने स्वत: दर्ज किया मामला
उपनगर थाना पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रमोद मुतालिक और अन्य पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस कार्यक्रम के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

आरोप
बिना पूर्व अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने का आरोप।
लोहे के हथियारों का प्रदर्शन करने का आरोप।
महिलाओं को त्रिशूलनुमा हथियार वितरित करने का आरोप।
विभिन्न धर्मों के बीच वैमनस्य और घृणा फैलाने वाले कथित भाषण देने का आरोप।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/

