शोकग्रस्त परिवार के घर में चोरी

ताला तोडक़र लाखों के गहने-नकदी ले गए बदमाश

बेटे के अंतिम संस्कार के बाद रिश्तेदारों के यहां ठहरे थे परिजन

चोरों ने वारदात के बाद घर में नया ताला लगाकर दिया चकमा

चित्रदुर्ग. जिले के तुमकुर्लहल्ली गांव में शोक में डूबे एक परिवार को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर का ताला तोडक़र नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर के मुख्य दरवाजे पर नया ताला लगाकर फरार हो गए, जिससे चोरी का खुलासा तुरंत नहीं हो सका।

नागराज के पुत्र नटराज का रविवार को बीमारी के कारण निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के बाद परिवार के सदस्य सूतक के कारण अपने घर में न रुककर रिश्तेदारों के यहां ठहरे हुए थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने घर में प्रवेश कर बेडरूम की अलमारी से 50 हजार रुपए नकद और करीब 1.80 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर लिए।

सेफ लॉकर में रखी रकम बची

गांव के बीट पुलिसकर्मी सर्वेश शर्मा ने कुछ समय पहले ग्रामीणों को नकदी और आभूषण सुरक्षित लॉकर में रखने की सलाह दी थी। इसी के चलते नागराज ने 1.50 लाख रुपए सेफ लॉकर में रखे थे, जिससे यह रकम सुरक्षित बच गई। वहीं उनकी पत्नी द्वारा साडिय़ों के नीचे छिपाकर रखे गए सात हजार रुपए भी चोरों की नजर से बच गए।

वारदात के बाद नया ताला लगाकर फरार

पुलिस के अनुसार बाहरी राज्यों से आने वाले गिरोह कई दिनों तक बंद पड़े मकानों पर नजर रखते हैं। मौका मिलने पर चोरी करने के बाद वे घर के दरवाजे पर नया ताला लगा देते हैं, ताकि वारदात का पता देर से चले और तब तक वे सुरक्षित अपने ठिकाने पहुंच जाएं।

उडेवु गांव में भी चोरी का प्रयास

इसी रात कोनसागर ग्राम पंचायत क्षेत्र के उडेवु गांव में भी इसी तरह चोरी का प्रयास किया गया। हालांकि वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ। इस घर में भी बदमाशों ने नया ताला लगा दिया। सीसीटीवी फुटेज में देर रात करीब 1.40 बजे चार लोगों को एक ही मोटरसाइकिल पर गांव में आते हुए देखा गया है।

घटना की सूचना मिलने पर उप पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण राव, पुलिस निरीक्षक आर. नागराज और पुलिस उपनिरीक्षक महेश लक्ष्मण होसपेटे ने मौके का निरीक्षण किया। मामले में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने संदिग्ध गिरोह की तलाश शुरू कर दी है।

गिरोह को पकडऩे के लिए बिछाया जाल

गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में बाहरी राज्यों के चोर गिरोहों के तौर-तरीकों के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कोंडलहल्ली, उडेवु और तुमकुर्लहल्ली समेत कई स्थानों पर एक जैसी वारदातें हुई हैं। गिरोह को पकडऩे के लिए जाल बिछाया गया है।”
महेश लक्ष्मण होसपेटे, पुलिस उपनिरीक्षक, मोलकाल्मूरु

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *