दांडेली टिंबर डिपो में करोड़ों की नीलामी में अनियमितता का दावा
आंदोलन की चेतावनी
दांडेली (दक्षिण कन्नड़)। दांडेली टिंबर डिपो में करोड़ों रुपए मूल्य की लकडिय़ों की नीलामी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं होने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लकड़ी व्यापारियों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। व्यापारियों ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
लकड़ी व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रेमानंद गवस ने उप वन संरक्षक (डीसीएफ) के. प्रशांत को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से नहीं कराई जा रही है। कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर बेनामी नामों से नीलामी में भाग लेकर अनियमितताएं करने का भी आरोप लगाया गया है। इससे स्थानीय व्यापारियों को निष्पक्ष रूप से नीलामी में हिस्सा लेने का अवसर नहीं मिल रहा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
संघ का आरोप है कि डिपो में नीलामी प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से व्यवस्थित तरीके से अनियमितताएं की जा रही हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है।
प्रेमानंद गवस ने कहा कि दांडेली टिंबर डिपो की नीलामी राज्य के सबसे बड़े कथित घोटालों में से एक हो सकती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उचित कदम नहीं उठाए गए तो लकड़ी व्यापारी संघ के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
व्यापारियों ने मांग की कि स्थानीय कारोबारियों के हितों की रक्षा और सरकार के राजस्व की सुरक्षा के लिए लकड़ी नीलामी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

